सहारनपुर जिले में बिजली की समस्या से आक्रोशित भाकियू कार्यकर्त्ताओं ने सोमवार को विद्युत महाप्रबंधक का घेराव किया। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम की लापरवाही के चलते किसानों को बिजली कम मिल रही है।
उन्होंने कहा कि जिले में कहीं बिजली तार नहीं हैं और कहीं विद्युत उपकेंद्र क्षमता से कम कार्य कर रहे हैं। इस सब का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
सोमवार को दिल्ली रोड स्थित विद्युत निगम कार्यालय पर भाकियू कार्यकर्त्ताओं ने महाप्रबंधक एससी श्रीवास्तव का करीब दो घंटे तक घेराव किया। भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी विनय कुमार ने कहा कि जिले में किसान बिजली की समस्या से जूझ रहा है।
एक तो बिजली की सप्लाई कम है, दूसरे जर्जर तारों के कारण भी किसानों को ट्रिपिंग आदि परेशानियों को झेलना पड़ रहा है। विद्युत उपकेंद्र भी अपनी क्षमता के अनुसार कार्य नहीं कर रहे हैं। इस पर विद्युत महाप्रबंधक ने किसानों का भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह मेें समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा।
इसके पहले कलक्ट्रेट परिसर में आयोजित भाकियू की मासिक बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है। इसके चलते ही आज किसानों की दुर्दशा हो रही है। उन्होंने बकाया गन्ना मूल्य नहीं मिलने पर रोष जताते हुए कहा कि इससे किसान आर्थिक संकट में है।
अध्यक्षता सुरंजन सिंह और संचालन भूपेंद्र त्यागी ने किया। सरदार मनमोहन सिंह, अशोक कुमार, मुकेश तोमर, जगपाल सिंह, देशपाल, रूपेंद्र, संजय, मेवाराम, बृजपाल, सोनू, डॉ. ओमपाल, जिले सिंह, मनोज, सुदेशपाल, महीपाल, नाथीराम, केहर सिंह, इनाम, ध्यान सिंह, नीटू, अमित, चरण सिंह ने भी विचार रखे।