युवा चेहरों को चुनाव लड़ने का मौका देगी भाजपा
सहारनपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहली बार ताल मैदान में उतर रही सत्ताधारी पार्टी भाजपा इस चुनाव के जरिए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करने की जुगत है। संगठन नए चेहरों को भाजपा समर्थित प्रत्याशी बनाकर चुनाव मैदान में उतारेगा। इसको लेकर जिला और प्रदेश स्तर पर समीक्षा चल रही है।
पंचायत चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है। जिला पंचायत के 49 वार्ड, 11 ब्लॉक और 884 ग्राम पंचायतों पर चुनाव होगा। भाजपा पूूरी तैयारी के साथ चुनाव में जुट गई है। बूथ, वार्ड, ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर संगठनों को मजबूत बनाने की कवायद चल रही है। कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। दो दिन पूर्व उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ के चेयरमैन संजीव गोयल सिक्का ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया और नवनिर्वाचित एमएलसी दिनेश गोयल भी सहारनपुर आए थे।
जल्द ही पंचायत चुनाव के प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक जिले में कार्यक्रमों में भाग लेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल भी आएंगे। वर्तमान में भाजपा जिला पंचायत के प्रत्येक वार्ड, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर अपने समर्थित प्रत्याशियों को लेकर समीक्षा कर रही है। खास बात यह है कि चुनाव में नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है। इसको लेकर यूपी सहकारी यूनियन के निदेशक व पंचायत चुनाव के जिला प्रभारी बिजेंद्र कश्यप और जिलाध्यक्ष डाक्टर महेंद्र सैैनी के अलावा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि समीक्षा कर रहे हैं। बाकायदा सूची तैयार की जा रही है। वार्डों पर प्रभारी नियुक्त कर चुकी और ग्राम पंचायतों और ब्लॉकों पर प्रमुख बनाए गए हैं, जिनके हाथों में चुनाव की कमान रहेगी। पंचायत चुनाव प्रभारी बिजेंद्र कश्यप ने बताया कि पूरे दम के साथ पार्टी चुनाव लड़ेगी।