Saharanpur News: फेसबुक पर एक ऑडियो अपलोड की गई है, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी कोमल के पक्ष में बात करते दिख रहे हैं। कोमल को गंगोह विधायक पर गंभीर आरोप लगाने पर पार्टी से निष्कासित किया गया था।
महानगर महिला मोर्चा की जिला मंत्री के पद से निष्कासित की गईं कोमल गुर्जर प्रकरण को लेकर भाजपा एक बार फिर सुर्खियों में है। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी और अन्य व्यक्ति का ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें व्यक्ति खुद को भारतीय गुर्जर परिषद का जिलाध्यक्ष बता रहा है। इस ऑडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष पार्टी से निष्कासित की गई कोमल गुर्जर के हिमायत में बोलते सुनाई दे रहे हैं।
विज्ञापन
दरअसल, चार दिन पहले कोमल गुर्जर ने अपने फेसबुक पेज पर गंगोह क्षेत्र के एक भाजपा नेता की महिला के साथ फोटो अपलोड की थी। इसके साथ ही मांग करते हुए कहा था कि महिलाओं का उत्पीड़न करने वाले इस भाजपा नेता को पार्टी से निष्कासित किया जाए। इन सबके बीच कोमल गुर्जर ने हाल ही में एक ऑडियो फेसबुक पेज पर अपलोड की है।
इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह सैनी को जो व्यक्ति फोन कर रहा है वह खुद को भारतीय गुर्जर परिषद का जिलाध्यक्ष बता रहा है। बातचीत के दौरान उस व्यक्ति ने कहा कि महिलाओं का उत्पीड़न करने वाले ऐसे नेताओं को पार्टी से निष्कासित क्यों नहीं किया जा रहा।
इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष कहते हैं कि पार्टी का कुछ नियम है। आप मंडल अध्यक्ष के माध्यम से रिपोर्ट भिजवा दीजिए, कार्रवाई की जाएगी। तभी फोन करने वाले ने कोमल गुर्जर के निष्कासन पर सवाल उठाया। इस पर जिलाध्यक्ष कहते हैं कि कोमल गुर्जर के साथ मेरी सहानुभूति है, लेकिन उन्हें मैंने निष्कासित नहीं किया। महानगर अध्यक्ष ने उन्हें निष्कासित किया है। अगर मेरे हाथ में होता तो मैं कभी भी निष्कासित नहीं करता। वहीं, जिस तरीके से जिलाध्यक्ष की यह ऑडियो राजनीतिक गलियारे में पूरी चर्चा में हैं।
ऐसे समझें पूरा मामला
कोमल गुर्जर ने कुछ समय पहले गंगोह विधायक पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामला लखनऊ तक भी गूंजा था, जिसके बाद कोमल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इस प्रकरण में बनाई गई समिति ने कोई सबूत नहीं मिलने का दावा करते हुए विधायक को क्लीन चिट दे दी थी। कुछ दिनों के लिए यह मामला शांत रहा। अब एक बार फिर से यह मामला गरमा गया है।
ये बोले जिलाध्यक्ष
एक-दो दिन पहले मेरे पास किसी का फोन आया था, जिन्होंने एक पदाधिकारी के निष्कासन की मांग की थी। मैंने कहा था कि मंडल अध्यक्ष की तरफ से रिपोर्ट भिजवा दीजिए। कोमल गुर्जर का निष्कासन महानगर अध्यक्ष के अधिकार क्षेत्र का मामला था। - डॉ. महेंद्र सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष