रेलवे स्टेशन पर दो और प्लेटफार्म बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए अंबाला मंडल के डीआरएम ने महाप्रबंधक रेलवे को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। निर्माण पर 49.65 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
दरअसल, सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर ने पिछले दिनों नॉर्दर्न रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखा था। उसमें बताया गया था कि सहारनपुर रेलवे स्टेशन अंबाला मंडल का प्रमुख स्टेशन है। यहां से कई प्रदेशों के लिए ट्रेनों का आवागमन होता है, लेकिन प्लेटफार्म की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी होती है। ट्रेनों के आवागमन के लिए तीन, चार, पांच और छह नंबर प्लेटफार्म है। रेलवे प्लेटफार्म की कमी के चलते ट्रेनें आउटर पर खड़ी रहती हैं।
पिछले दिनों सहारनपुर डीआरएम अंबाला को भी नगर विधायक ने पत्र दिया था। अब अंबाला मंडल के डीआरएम ने नए दो प्लेटफार्म बनाने का प्रस्ताव बनाकर महाप्रबंधक रेलवे को भेज दिया है। दोनों के निर्माण पर 49.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनके बनने से यात्री संख्या बढ़ेगी। प्लेटफार्म पर भीड़ कम होगी। साथ ही ट्रेनों को पकड़ने के लिए यात्रियों को परेशानी नहीं होगी। इसके अलावा 12 मीटर लंबे फुट ओवरब्रिज का निर्माण पर 15 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
आउटर पर खड़ी नहीं होगी ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत
यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। छह प्लेटफार्म हैं। इनमें चार प्लेटफार्म से ट्रेनों का आवागमन होता है, जबकि दो प्लेटफार्म पर ट्रेन रुकने के बाद वापस होती हैं। प्लेटफार्मों की संख्या कम होने की वजह से ट्रेनों को आउटर पर रोकना पड़ता है। दो नए प्लेटफार्म बनने के बाद आउटर पर ट्रेनें रोकने का झंझट खत्म हो जाएगा। इससे यात्रियों को भी राहत मिलेगी।