सर्किट हाउस रोड़ स्थित एक सभागार में पत्रकारो से वार्ता करते कांग्रेसी नेता इमरान मसूद
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कांग्रेस अनुशासन समिति के सदस्य और पूर्व विधायक इमरान मसूद ने कहा कि भाजपा सरकारें देश को बर्बाद करने पर तुली हैं। 70 साल में कांग्रेस देश को बुलंदियों पर ले गई, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार बड़े उद्यमियों के हाथों की कठपुतली बनकर देश को बेचने का काम कर रही है।
सर्किट हाउस रोड स्थित एक सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में इमरान मसूद ने कहा कि जुमलेबाजी से काम नहीं चलने वाला है। पूरे देश का किसान आज त्रस्त है, जिस प्रकार हरियाणा और पंजाब के किसान सड़कों पर उतरें हैं, उसी तरह जल्द पूरे देश में किसान मोदी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करने वाली भाजपा सरकार सिर्फ झूठ बोलने का काम करती है। देश अधिकतर लघु किसान है, जो एक एकड़ से कम भूमि पर खेती करते हैं। वह मंडी तक अपनी फसल बेचने में हांफ जाते हैं। ऐसे में दूसरे जिलों और प्रदेशों में वह अपनी फसल कैसे बेच पाएंगे और खर्च को किस प्रकार वहन करेंगे। नए कृषि कानूनों के माध्यम से सिर्फ किसानों का उत्पीड़न किया गया है, जिसे कांग्रेस किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और आंदोलन करेगी। इस दौरान जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, विधायक नरेश सैनी, एआईसीसी सदस्य जावेद साबरी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा मौजूद रहे।