- नगरायुक्त को पत्र भेजकर बिछाई गई पाइपलाइन में खामियों की शिकायत की
- योजना के पैसे से खरीदे गए टूल निगम में जमा करवाने की मांग भी की
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। भाजपा के पार्षद ही महानगर के विकास कार्यों पर सवाल उठाने लगे हैं। वार्ड 20 की पार्षद कंचन धवन ने नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह को पत्र लिखकर अमृत योजना के तहत बाहरी कॉलोनियों में बिछाई गई पाइपलाइन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। योजना के तहत खरीदे गए सामान आदि को नगर निगम में जमा करवाने की मांग भी की है।
पार्षद कंचन धवन ने बताया कि अमृत योजना के तहत यूपी जल निगम (अर्बन) की ओर से जलाशयों का निर्माण, नलकूप बोरिंग, भवन, पेयजल पाइपलाइन बिछाने, घर-घर कनेक्शन देने आदि का कार्य किया गया है। वार्ड आठ, वार्ड पांच, वार्ड दस, वार्ड 20 आदि में हुए कार्यों पर 2835.41 लाख रुपये खर्च होना बताया जा रहा है। इस योजनाओं का हस्तांतरण नगर निगम को किया जा रहा है। आरोप है कि कार्यों में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया है। जो पाइपलाइन बिछाई गई हैं, वह जगह-जगह से लीक हैं। पाइप लाइनों के टूटे होने की वजह से जलभराव भी है। पार्षद ने योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए खरीदे गए टूल निगम के जल कल विभाग में जमा करवाने की मांग की है, क्योंकि सभी टूल अमृत योजना की धनराशि से खरीदे गए हैं। इसके अलावा उन्होंने जिस स्थान पर निर्माण कराया गया है उस स्थल का क्षेत्रफल, बाउंड्रीवाल, भवन आदि का मानचित्र भी नगर निगम में जमा कराने की मांग की है। साथ ही अमृत योजना के तहत किए जा चुके और होने वाले कार्यों से जुड़े अभिलेख सदन के समक्ष रखने की भी मांग की है, जिससे उसके गुण और दोष पर चर्चा की जा सके।