गंगोह(सहारनपुर)। ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक की अचानक हुई मौत से दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव मुबारिकपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक सैनी की नानौता रोड पर रूटरवेटर मशीन की एजेंसी है। शुक्रवार की देर शाम वह एजेंसी बंद करके पास ही स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल डलवाकर गांव लौट रहा था। जैसे ही वह पेट्रोल पंप से बाहर रोड पर निकला तो तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजनों द्वारा कार्रवाई से इंकार करने पर पुलिस ने पंचनामा भर शव को उनके सुपुर्द कर दिया। शनिवार सुबह ही गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक युवक की शादी अभी डेढ़ वर्ष पूर्व ही हुई थी। कोई बच्चा भी नहीं है। युवक की अचानक हुई मौत से पूरा गांव शोकाकुल है। गांव में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गई।