बेहट। कलसिया-छुटमलपुर रोड पर बुधवार शाम टेंपो ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस पर स्थानीय लोगों ने टेंपो और चालक को पुलिस को सौंप दिया।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव कंधेला निवासी सतबीर (60) किसी काम से बेहट आए थे। घर लौटते समय संसारपुर गांव के समीप उनकी बाइक को सामने से आ रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में सतबीर की मौत हो गई। टेंपो और उसके चालक को घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने पकड़ लिया। यूपी-112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने टेंपो को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं, कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजन पहुंच गए हैं। तहरीर मिलने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। संवाद