बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। शनिवार को शाम के समय सुंदरपुर शाकंभरी देवी मार्ग पर महेंद्रा लोडर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को जिला अस्पताल में भरती कराया।
शनिवार को शाम सात बजे अभिजीत पुत्र हाकम सिंह (22) निवासी सासनी जिला हाथरस अपने साथी शिवम पुत्र कमल सिंह फरोली जिला कासगंज बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र की पटाखा फैक्टरी में ड्यूटी पूरी कर बाइक पपर सवार होकर बिहारीगढ़ आ रहे थे। सुंदरपुर से सतपुरा के बीच खुशहालीपुर मोड़ के पास महेंद्रा ट्रैक्टर लोडर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में अभिजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवम गंभीर रुप से घायल हो गया। हादसे के बाद लोडर चालक अपने वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल युवक शिवम को जिला अस्पताल में भरती कराया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।