छुटमलपुर। फतेहपुर थाना क्षेत्र के सहारनपुर मार्ग पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने झपट्टा मार कर बाइक सवार महिला से एक कान का कुंडल झपट लिया और भाग गए। इस दौरान बाइक सवार पीड़ित की बाइक अनियंत्रित भी हुई। गनीमत रही कि वह नीचे नहीं गिरे। अन्यथा दपंती और दोनों बच्चों की जान पर भी बन सकती थी।
यह घटना सहारनपुर रोड पर छुटमलपुर और चमारीखेड़ा के बीच कमेशपुर पारेषण केंद्र के पास हुई। शुक्रवार को रक्षाबंधन के पर्व पर बिहारीगढ़ थाने के गांव गभलियो जयंतीपुर निवासी जितेंद्र अपनी पत्नी बालेश्वरी और दो बच्चों के साथ अपनी ससुराल सीडकी जा रहे थे। दोपहर सवा दो बजे जैसे ही वह कमेशपुर गांव के सामने पहुंचे तभी पीछे से बाइक पर दो नकाबपोश बदमाशों में से पीछे वाले ने झपट्टा मार कर कान का कुंडन छीन लिया। बड़ी मुश्किल से जितेंद्र ने बाइक को संभाली। जब तक वह बाइक रोकता बदमाश काफी दूर जा चुके थे। इसके बाद उसने पुलिस को खबर की। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर चोरों ने बृहस्पतिवार रात फतेहपुर थाने के पीछे स्थित शहीद स्मारक स्कूल से जनरेटर का अल्टीनेटर खोल कर चोरी कर लिया। राजेंद्र सिंह ने चोरी की तहरीर थाने पर दी है। उधर सीओ सदर विकास प्रताप चौहान ने बताया कि लूट की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगी है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।