सहारनपुर के अंबेहटा में चड्ढ़ा ग्रुप के लोगों द्वारा बिड़वी मिल का सामान बेचने की सूचना पर क्षेत्र के किसानों में रोष व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में किसान मिल पहुंचे और मिल गेट पर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मिल में लगी मशीनरी के साथ छेड़छाड़ की गई तो परिणाम गंभीर होंगे। बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय किसानों को सूचना मिली कि चड्ढ़ा ग्रुप के लोग मिल में से मशीनरी के कुछ पार्ट्स निकालकर उन्हें बेचने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही किसानों में रोष व्याप्त हो गया और वे बड़ी संख्या में किसान हित एवं गो सेवा समिति के अध्यक्ष बिट्टू नंबरदार के नेतृत्व में मिल पर पहुंचे और मिल का मौका मुआयना किया।
इस दौरान किसानों को मिल में लगी मशीनरी के कुछ पार्ट्स खुले पड़े मिले, जिसे देखकर किसानों का पारा चढ़ और उन्होंने गेट पर पहुंचकर मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
किसानों ने बताया कि मिल किसानों की प्रतिष्ठा का प्रश्न है। चड्ढ़ा ग्रुप ने किसानों के साथ छलावा कर पहले तो मिल को बंद कर दिया और अब यह ग्रुप मशीनरी को बेचने की जुगत में लगा हुआ है।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि मिल के सामान को इधर से उधर करने का प्रयास किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। किसानों के आक्रामक रुख को देखते हुए वहां मौजूद मिल के लोग भाग खड़े हुए।
इस दौरान चौधरी अमर सिंह, अजय प्रधान, अनूप सिंह, संदीप चौधरी, भूप सिंह, सुधीर कुमार, राजेश, सुशील डायरेक्टर, प्रमोद कुमार, लाखन सिंह, विनय कुमार, मांगेराम, अनुज कुमार, ध्यान सिंह, विपिन कुमार आदि किसान मौजूद रहे।