किसानों से वार्ता करते यूनिट हेड यशराज सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
नागल (सहारनपुर)। शुक्रवार को किसान समस्याओं के निराकरण एवं गन्ना भुगतान की मांग को लेकर भाकियू भानु का एक प्रतिनिधिमंडल बजाज हिंदुस्तान शुगर मिल गांगनौली के यूनिट हेड से मिला।
इस दौरान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कान सिंह राणा ने कहा की मिल को चार माह चलते हो गए, लेकिन अभी तक किसान को एक दिन का भुगतान भी नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि किसानों की गन्ना पर्ची कम आ रही है। जबकि कुछ लोग मिल से बाहर सस्ते भाव में गन्ना खरीद कर मिल को सप्लाई कर रहे हैं। प्रदेश महामंत्री विनय राणा ने कहा कि गेट और सेंटर पर तौल पर घटतौली की जा रही है, जिसे किसान बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने मिल प्रबंधन को चेतावनी दी कि 11 मार्च तक किसानों की मांगों पर अमल नहीं किया गया तो संगठन 15 मार्च से मिल गेट पर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। उधर, यूनिट हेड यशराज सिंह ने कहा कि होली के त्योहार से पूर्व ही 15 दिन का गन्ने का भुगतान दे दिया जाएगा और अन्य समस्याओं का भी निस्तारण किया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष विजयंत राणा, राजेंद्र सिंह राणा, पवन राणा, सत्येंद्र सिंह, विक्रम सिंह, अशोक राणा, प्रमोद प्रधान, सेठी राणा, मुर्तजा, बिल्लू शर्मा, फुरकान, करण सिंह, कृपाल सिंह, सुभाष, विकास ठाकुर, अनिल आदि रहे।