गागलहेड़ी के खजूरी में ग्रामीण ने अपने मकान पर लिखा बिकाऊ है
- फोटो : SAHARANPUR
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। घरवालों की मर्जी के खिलाफ युवती से कोर्ट मैरिज करने वाला युवक युवती को लेकर गांव में ही आकर रहने लगा। आरोप है कि युवक के परिजनों ने युवती के पिता से गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इससे आहत होकर पिता ने दरवाजे पर लिख दिया, मकान बिकाऊ है और अपना सामान पास के गांव में पहुंचा दिया। पुलिस ने गांव में पहुंचकर मामले की जानकारी ली। युवती के पिता को सुरक्षा का भरोसा दिया। साथ ही आरोपी युवक और उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव खजूरी निवासी पवन पुत्र रमेश धीमान ने बताया कि गांव के ही युवक शिवम पुत्र सुंदर लाल ने अब से पांच माह पूर्व उसकी लड़की को घर से ले जाकर कोर्ट में शादी कर ली थी। उस वक्त गांव में हुई पंचायत में तय किया गया था कि शादी के बाद दोनों गांव में नहीं रहेंगे। उस वक्त युवक और उसके पिता ने पंचायत की बात मान ली थी, लेकिन अब युवक और युवती गांव में ही रहने आ गया। आरोप है कि युवक और उसके पिता उसे धमकी दे रहे हैं कि यदि गांव में दिखाई दिया तो गोली मार देंगे। इससे आहत होकर पवन ने घर का सामान दूसरे गांव में भेज दिया तथा मकान पर बिकाऊ है लिखवा दिया। इससे चर्चा फैल गई कि वह पलायन कर रहा है।
शुक्रवार दोपहर गांव वालों ने पवन को काफी समझाया लेकिन वह अपनी बात पर अड़ा रहा। इसी बीच सूचना मिलने पर गागलहेडी थानाध्यक्ष आदेश त्यागी और एलआईयू की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित को सुरक्षा का भरोसा देने के साथ ही गांव में रहने के लिए समझाया। थानाध्यक्ष आदेश कुमार त्यागी ने बताया कि लड़की और लड़का पक्ष में आपसी मतभेद हैं। लड़की पक्ष को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया गया है। लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपी शिवम और उसके पिता सुंदर के खिलाफ गाली गलौज और धमकी देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।