मुन्नालाल एंड जयनारायण खेमका गर्ल्स महाविद्यालय की छात्राओं ने बेटी बचाओ रैली निकाली। छात्राओं ने कहा कि सभी को मिलकर नारी के प्रति अपनी सोच को बदलना होगा।
सोमवार को महाविद्यालय की छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तत्वावधान में निकली रैली का प्राचार्य डा. मधु जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्राओं ने जगह जगह रैली निकालकर स्थानीय लोगों को जागरूक किया। छात्राओं ने कहा कि समाज में लड़के की उत्पत्ति भी मां के गर्भ से होती है, फिर वहीं मां अपने नवजात शिशु को गर्भ में ही हत्या करा देती है।
महाविद्यालय की छात्र संघ अध्यक्षा हर्षिता सैनी और एबीवीपी की जिला छात्रा प्रमुख रितिका शर्मा ने कहा कि एक लड़की ही आगे जाकर मां बनती है। यदि वह अपने आपको मजबूत कर ले तो किसी की हिम्मत नहीं कि कोई उसकी संतान को नष्ट कर सके। छात्र संघ सचिव नेहा कांबोज ने कहा कि आज लड़कियां चांद पर चली गई है। ऐसा कोई कार्य नहीं जो लड़कियां न करती हो।
रैली मुन्नालाल डिग्री कॉलेज से गोल कोठी, रायवाला होते हुए वापस कालेज पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में उपाध्यक्ष एकता देवी, कोषाध्यक्ष नेहा विश्वकर्मा, निधि मौर्य, महानगर छात्रा प्रमुख शिवानी कश्यप, प्रीति सैनी, नेहा, आयशा, मोनि, कोमल, सुनीता, प्रीति आदि मौजूद रहे।