दिवाली से पहले प्रदेश के खिलाड़ियों पर धन की वर्षा होने जा रही है। खेल निदेशालय ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिए लाखों रुपये के ईनाम देने की घोषणा की है। 28 अक्टूबर की शाम साढ़े चार बजे डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों को चेक के माध्यम से यह राशि दी जाएगी।
राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले सहारनपुर मंडल के कुल 12 खिलाड़ियों में पांच खिलाड़ी सहारनपुर जिले से हैं, जबकि बाकी शामली और मुजफ्फरनगर से हैं। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम चमकाने वालों में मेरठ और सहारनपुर मंडल के खिलाड़ियों में एक मुजफ्फरनगर और दूसरा खिलाड़ी मेरठ मंडल से है।
राष्ट्रीय स्तर पर ईनाम पाने वालों में कबड्डी खेल में देवबंद के चंदेना कोली निवासी निशांत कुमार पुत्र सुनील कुमार, शामली के हसनपुर तिसाड़ मजरा निवासी विक्रांत मलिक पुत्र ओमवीर और मुजफ्फरनगर के काकड़ा निवासी अक्षय बालियान पुत्र यशवीर को पांच-पांच हजार रुपये का चेक दिया जाएगा।
वालीबाल में शामली के गांव जसाला निवासी गौरव चौहान पुत्र जगवीर सिंह, मुजफ्फरनगर के गोयला निवासी कपिल कुमार पुत्र जगदीश सिंह तथा शामली के पूरमाफी निवासी प्रशांत कुमार पुत्र चंद्रबोस सिंह को 30-30 हजार रुपये के चेक मिलेंगे। बैडमिंटन में सहारनपुर के गांव बांदूखेड़ी निवासी कपिल चौधरी पुत्र पाल सिंह और पावरलिफ्टिंग में सहारनपुर के गांव गंगोह निवासी सनी शर्मा पुत्र यशपाल शर्मा को 25-25 हजार रुपये के चेक दिए जाएंगे। नेटबॉल में शामली के गांव बझेरी निवासी मोहित कश्यप पुत्र चंद्रभान सिंह को 20 हजार रुपये का चेक दिया जाएगा।
जूडो में सहारनपुर के अंकित विहार कॉलोनी निवासी शीतल चौहान पुत्री जगमोहन सिंह तथा सहारनपुर के ही गांधी आश्रम क्वार्टर निवासी प्रीति पुत्री छदामीलाल को 25-25 हजार रुपये के चेक मिलेंगे। मुजफ्फरनगर के विरावड़ा बुधना निवासी आकाश कुमार रविदास पुत्र धनेश्वर दास को 75 हजार रुपये का चेक दिया जाएगा।
उधर, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले साइकिलिंग खिलाड़ी मेरठ के कंकरखेड़ा निवासी अरविंद पंवार पुत्र ऋषिपाल सिंह को पांच लाख और एथलीट मुजफ्फरनगर के लाल बाग निवासी प्रियंका पुत्री शिव कुमार को दो लाख रुपये का चेक दिया जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार सेठी ने बताया कि चेक का वितरण डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार की शाम साढ़े चार बजे प्रमुख सचिव अनिता भटनागर जैन के द्वारा किया जाएगा।