फतेहपुर कोविड-19 अस्पताल का निरीक्षण करते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा है कि कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण पाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोरोना से पीड़ित हर मरीज को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सैंपल जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में कोविड मरीजों के लिए बेड और ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था है।
शुक्रवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के इंटीग्रेटेड कोविड एंड कमांड सेंटर में समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों की भी कोविड-19 की जांच कराई जाए। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में सोडियम हाईपो क्लोराइड का लगातार छिड़काव कराएं। कोई भी मरीज बिना इलाज के नहीं रहना चाहिए। इलाज में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को कोविड-19 के कार्यों की ड्यूटी में पूर्णतया स्वस्थ लोगों को लगाने के निर्देश दिए। कोविड गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों का चालान किया जाए। जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती में कोविड मरीजों और होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी भी ली। इस दौरान एसएसपी डॉक्टर एस चनप्पा, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डीएस मार्तोलिया, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी, उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।