सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सोमवार को मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया। उन्होंने रोजाना बेड शीट बदलने और खाने की गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सोमवार को डीएम अखिलेश सिंह ने मेडिकल कालेज पहुंचकर कोविड केयर सेंटर सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की गाइड लाइन का पूर्णतया पालन होना चाहिए। कहा कि अस्पताल के अंदर सभी बेड शीट प्रतिदिन बदली जानी चाहिए। इसके अलावा साफ सफाई पर भी विशेष ध्यान रखना होगा। जिससे संक्रमण की आशंका को कम से कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि रोगियों के खाने की क्वालिटी में और सुधार लाया जाए। डीएम ने मेडिकल कालेज के अस्पताल में भर्ती कई मरीजों से भी उनका हाल जाना। अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण करते हुए साफ सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं का हाल जाना। कालेज के स्टाफ से भी जानकारी हासिल की। इस दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह, सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढ़ी, मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर डीएस मर्तोलिया, सीएमएस डॉक्टर संजीव कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।