सहारनपुर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय(एमएसयू) से संबद्ध सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की सत्र 2021-23 की मुख्य परीक्षाएं जल्द होंगी। परीक्षा में विश्वविद्यालय के पोर्टल पर संबद्ध अल्पसंख्यक महाविद्यालयों में पंजीकृत बीएड के विद्यार्थी भी शामिल हैं। परीक्षा फार्म 16 अप्रैल यानी कल से ऑनलाइन भरे जाएंगे।
लखनऊ विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित एवं काउंसिलिंग के माध्यम से सहारनपुर मंडल के महाविद्यालयों में प्रवेशित बीएड के विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.msuniversity.ac.in के माध्यम से 16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विद्यार्थियों द्वारा सभी जरूरी कागजातों सहित भरे गए परीक्षा फॉर्म का ऑनलाइन सत्यापन कराने और संबंधित महाविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि पांच मई निर्धारित है, जबकि संबंधित महाविद्यालय एनआर सहित परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय के बीएड परीक्षा विभाग में जमा कराएंगे। इसके लिए तीनों जनपदों को अलग अलग तिथि दी गई है। सहारनपुर के महाविद्यालय छह और सात मई, मुजफ्फरनगर के महाविद्यालय नौ और दस मई तथा शामली के महाविद्यालय 11 मई को फॉर्म जमा करा सकेंगे।
महाविद्यालयों के लिए निर्देश
महाविद्यालयों को चाहिए कि वह परीक्षा फार्म का सत्र तथा विद्यार्थियों की अर्हता की जांच के बाद ही परीक्षा फॉर्म सत्यापित करने के बाद ही विश्वविद्यालय में जमा कराएं। कोई भी खामी मिलने पर संबंधित महाविद्यालय और छात्र जिम्मेदार होगा। संयुक्त प्रवेश परीक्षा सत्र 2021-23 के अनुसार सामान्य/पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के स्नातक/परास्नातक स्तर पर कुल प्राप्तांक का प्रतिशत पूर्ण हो। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के परीक्षार्थी परीक्षा फार्म के साथ समस्त शैक्षिक प्रमाणपत्र व संदर्भित जाति प्रमाणपत्र अवश्य संलग्न करें। महाविद्यालय यह भी सुनिश्चित कर लें कि विद्यार्थियों द्वारा वैकल्पिक विषय का चयन स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम के अनुरूप ही हो। विद्यार्थियों द्वारा परीक्षा फार्म में अपनी फोटो, हस्ताक्षर, जन्मतिथि, जाति, पत्राचार का पता मोबाइल नंबर, ई-मेल त्रुटिवश गलत भरे जाने पर महाविद्यालय अपने लॉगइन आईडी से संशोधित करें।
विद्यार्थियों के लिए ध्यान रखने वाली बात
विश्वविद्यालय वेबसाइट www.msuniversity.ac.in पर जाकर विद्यार्थियों को परीक्षा फार्म भरते समय अपना फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। विद्यार्थी अपने परीक्षा फार्म पर अलग से फोटो न चिपकाएं अन्यथा की दशा में परीक्षा फार्म निरस्त समझा जाएगा। विद्यार्थी अपना परीक्षा फार्म ध्यान से भरें क्योंकि परीक्षा फार्म केवल एक बार ही भरा जाएगा। परीक्षा फार्म एवं परीक्षा शुल्क ऑनलाइन माध्यम से ही भरना अनिवार्य है। किसी भी स्थिति में ड्राफ्ट इत्यादि स्वीकार नहीं किया जाएगा। परीक्षा शुल्क के बिना फार्म मान्य नहीं है। परीक्षा फार्म भरने के उपरांत विद्यार्थी परीक्षा फार्म का प्रिंट निकाल लें। परीक्षा फार्म की एक हार्ड कॉपी महाविद्यालय को जमा कराएं और एक प्रति अपने पास सुरक्षित रखें। छात्र द्वारा भरे गए परीक्षा फार्म को पोर्टल पर ऑनलाइन कंफर्म करें अन्यथा की स्थिति में महाविद्यालय की जिम्मेदारी होगी।