सहारनपुर। शादी के लिए खुद को पुलिस में दरोगा बताने वाले एक युवक की सच्चाई उस समय सामने आ गई, जब युवती पक्ष ने उससे पहचान पत्र और पीएनओ नंबर पूछ लिया। पुलिस की वर्दी पहनकर रौब गालिब भी करता था। थाना सदर बाजार पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
उत्तराखंड के कलियर क्षेत्र की एक युवती के लिए बरेली निवासी मोहम्मद कासिम का रिश्ता आया था। युवती पक्ष ने जब युवक से मिलने की इच्छा जताई तो उसने खुद को सहारनपुर पुलिस लाइन में तैनात दरोगा बताया। खलासी लाइन पुल के पास मिलने के लिए लड़की पक्ष को बुलाया। युवती पक्ष के साथ आए एक युवक को कासिम के हावभाव पर शक हो गया। उसने दरोगा की वर्दी पहने कासिम से आईडी कार्ड और पीएनओ नंबर मांगा, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। यह पूछने पर उसके हाथ भी कांपने लगे। इससे लड़की पक्ष के लोगों का शक और गहराया गया। इसके बाद आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों बुला लिया और वर्दी पहने युवक के बारे में जाना।
पुलिसकर्मियों को देखकर युवक घबरा गया। सूचना पर पहुंचे थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक कपिल देव ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि कासिम यमुनानगर की एक निजी कंपनी में काम करता है। शादी के लिए उसने कुछ दिन पहले ही पुलिस की वर्दी सिलवाई थी। पुलिस ने आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र बरामद किया है। इसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।