सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में नवादा रोड निवासी सुरेंद्र (40) की चचेरे भाई ने लकड़ी के फट्टे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के समय तहेरा भाई मकान में अकेला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्यारोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का फट्टा बरामद कर लिया। 50 हजार रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था।
जड़ौदा पांडा क्षेत्र के गांव जयपुर निवासी सुरेंद्र (40) अपनी पत्नी पुष्पा और बच्चों के साथ कोतवाली बाजार क्षेत्र के नवादा रोड पर सनसाइन स्कूल के पास किराए के मकान में रहता था। नवादा रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। पत्नी पुष्पा पिछले चार दिनों से गांव गई हुई थी। सुरेंद्र मकान में अकेला रह रहा था।
सुरेंद्र ने अपने चचेरे भाई अनुज को 50 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस लेने के लिए वह लगातार अनुज से तकादा कर रहा था। अनुज शराब पीने का आदी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक अनुज को पता चला कि सुरेंद्र कमरे में अकेला है, जिसके बाद उसने शराब पी और उसके कमरे पर पहुंच गया। कमरे में दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इसी दौरान अनुज ने पास में पड़े निर्माण सामग्री के ढेर से लकड़ी का फट्टा उठाया और सुरेंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
वह तब तक हमला करता रहा, जब तक सुरेंद्र की मौके पर ही मौत नहीं हो गई। मारपीट और फट्टे की आवाज सुनकर पास की फैक्टरी के चौकीदार मोहसीन मौके पर पहुंचे।
उन्होंने फैक्टरी कर्मचारियों अमन, सुधीर और रविंद्र को साथ लेकर कमरे में देखा तो अनुज के हाथ में खून से सना लकड़ी का फट्टा था। लोगों को आता देख आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद चौकीदार ने डायल-112 पर सूचना दी।