सहारनपुर। कोरोना संक्रमण में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। शनिवार को 97 कोरोना संक्रमित मिलने से साफ संकेत है कि संभल जाइये, अतिरिक्त सावधानी बरतें, तभी संक्रमण को हराया जा सकेगा। यदि अब भी लापरवाही नहीं छोड़ी तो संक्रमण फिर से हावी हो सकता है।
दरअसल, कई महीने से कोरोना संक्रमितों की संख्या घट गई थी तो लोग लापरवाही बरतने लगे हैं। पहले जिस तरह मास्क लगाने में गंभीरता थी, उसमें अब कमी आई है। यही वजह है कि सड़क से लेकर बाजार तक में लोग बगैर मास्क पहुंच रहे हैं और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया जा रहा है।
आलम यह है कि शनिवार को जिस प्राइवेट अस्पताल के 38 कर्मी कोरोना संक्रमित मिले, वहां पर भी कुछ तीमारदार बगैर मास्क के बैठे नजर आए। वहीं, शहर के नेहरू मार्केट, रायवाला, रानी बाजार, शहीद गंज, मटिया महल आदि प्रमुख बाजारों में भी बगैर मास्क लोग घूमते नजर आए। इसके अलावा खलासी लाइन और देहरादून रोड पर दुपहिया वाहन चालक बगैर मास्क के ही घूमते मिले।
27 सितंबर के बाद पूरे छह महीने बाद उतना ही आंकड़ा
जितने संक्रमित शनिवार (27 मार्च) को जिले में मिले, यह संख्या सितंबर माह में सामने आई थी। तब 27 सितंबर 2020 को 95 संक्रमित मिले थे। फिर संक्रमितों की संख्या घटी तो अक्तूबर माह में यह आंकड़ा आठ अक्तूबर को अधिकतम 76 रहा था। इसके बाद नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह में संक्रमण का आंकड़ा कम ही रहा। वहीं, मार्च माह में अब तक 275 संक्रमित मिल चुके हैं। खास बात यह है कि इनमें 218 संक्रमित बीते सिर्फ आठ दिन के ही हैं। इससे साफ है कि कोरोना संक्रमण किस तेजी से बढ़ा है।
बीते आठ दिन के संक्रमित
तिथि ----------- संक्रमित
20 मार्च --------- 20
21 मार्च --------- 12
22 मार्च --------- 05
23 मार्च --------- 09
24 मार्च --------- 20
25 मार्च --------- 30
26 मार्च --------- 30
27 मार्च --------- 97
कलाकार ने किया जागरूक
सहारनपुर। विश्व रंगमंच दिवस पर मानसी अभिनय गुरुकुल के कलाकारों ने कोविड -19 के बारे में रोड शो निकालकर लोगों को जागरुक किया। एक कलाकार ने कोरोना का रूप धरा हुआ था। यह रोड शो चकराता रोड पर विजय सिनेमा से शुरू हुआ और घंटाघर होकर वापस पुरानी चुंगी पर आकर समापन हुआ। अभिनय गुरुकुल के संचालक केके गर्ग ने बताया कि एक तरफ पूरा विश्व कोरोना की वजह से प्रभावित है, वहीं काफी लोग अब भी गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं, जबकि यह लापरवाही ठीक नहीं है। इस दौरान कलाकार योगेश पवार, योगेश दहिया, दिनेश तेजान, रविंद्र, शहजाद, आदित्य शर्मा, शिवम, आबिदा, नितिन, रितिका, सुशील, चंदन, शानू, रवि और किरण आदि मौजूद रहे।
कोरोना को लेकर नाटक का मंचन करते कलाकार- फोटो : SAHARANPUR
खलासी लाईन रोड़ पर बिना मास्क व बिना सोशल डिस्ट्रेंश रेहड़े में जाते युवा- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर के देहरादून रोड़ बिना मास्क के वाहन चलाते लोग- फोटो : SAHARANPUR