- शहर व देहात कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले है दोनों आरोपी, पुलिस ने किए ट्रेस
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के बेहट रोड स्थित पीओपी लोकेशन से चोरों ने बैटरी-इनवर्टर चोरी कर लिए। इससे कांवड़ मार्ग के कैमरे बंद हो गए थे। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए चोरों की पहचान कर ली है। जल्द गिरफ्तार किए जाने का दावा किया है।
दरअसल, कुछ दिन पहले चोरों ने शहर कोतवाली क्षेत्र में आईसीसीसी के बेहट अड्डा स्थित पीओपी लोकेशन का दरवाजा तोड़कर दो इनवर्टर, 10 बैटरी, एसी, सर्वर से जुड़े स्विच व अन्य उपकरण चोरी कर लिए थे। पीओपी लोकेशन को नुकसान भी पहुंचाया था। कांवड़ मार्ग के सीसीटीवी बंद होने पर पुलिस ने रात में भी चोरों को पकड़ने का प्रयास किया था। चोरी करने वाले चोर सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए थे।
मंगलवार को पुलिस ने चोरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। दोबारा से सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें दोनों की पहचान कर ली गई है। एक शहर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि दूसरा देहात कोतवाली का है। पुलिस ने चोरों के नजदीक पहुंचने का दावा किया है। सीओ प्रथम अशोक सिसोदिया ने बताया कि जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।