ग्राम ठोल्ला फतेहपुर में गोकशी की सूचना पर पहुंचे हिंदू सगंठन कार्यकर्ता। संवाद
तीतरों। ग्राम ठोल्ला फतेहपुर में गोवंश के अवशेष मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा करते हुए आरोपियों को पकड़ने की मांग की। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन पर कार्यकर्ता बमुश्किल शांत हुए।
गांव निवासी बलजोर सैनी का खेत गांव की आबादी के निकट स्थित है। शनिवार को किसान के परिजन अपने खेतों में कार्य करने के लिए गए थे। उन्होंने अपने खेत के पास से गुजर रहे काठे में गोवंशी का कटा हुआ सिर तथा अन्य अवशेष पड़े देखे। उन्होंने घटना की बाबत ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन पर गोकशी की घटनाओं पर अंकुश न लगा पाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बजरंग दल के जिला धर्माचार्य प्रमुख राजकुमार व राष्ट्रीय बजरंग दल गंगोह ब्लाॅक अध्यक्ष दीपक सैनी का कहना था कि रात में ही गोकशी की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना में शामिल तत्वों को कानून का भय नही है। कहा कि ऐसे लोगों का एनकाउंटर होना चाहिए जो हिंदू समाज की आस्था व भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने एक सप्ताह में घटना में शामिल लोगों के न पकड़े जाने पर थाने पर एकत्र होकर आंदोलन की चेतावनी दी। इस दौरान अवशेषों को गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। इस दौरान राष्ट्रीय बजरंग दल के नगर अध्यक्ष दीपक सैनी, सुखेड़ी ग्राम अध्यक्ष विकास सैनी, कुलदीप सिंह, कुणाल कश्यप, तुषार सैनी, अश्वनी सैनी, मयंक कुमार, रवि कुमार, कल्लू आदि मौजूद रहे। उधर, पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।