सहारनपुर। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में आयोजित कराई जा रही उत्तर प्रदेश राज्य बैडमिंटन प्रतियोगिता फाइनल मुकाबलों के साथ शुक्रवार को संपन्न हो गई। व्यक्तिगत मुकाबलों में बालकेसरी, अनिरुभ, अमानिका और मानसी विजेता बनी, जबकि डबल मुकाबलों में आयुष और बालकेसरी तथा अमालिका और श्रुति की जोड़ी चैंपियन बनी।
शुक्रवार को हुए अंडर-13 आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में बालकेसरी ने प्रतीक को 25-23 और 21-16 के अंतर से पराजित किया। अंडर-15 आयु वर्ग में अनिरुभ ने राजन को 21-18 और 21-06 के अंतर से हराया। बालिकाओं की अंडर-15 आयु वर्ग के फाइनल में अमानिका ने मानसी को 21-12 और 21-14 के अंतर से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-13 आयु वर्ग में मानसी ने शिवांगी को 14-21 और 21-18 के अंतर से हराया। बालिकाओं के डबल्य मुकाबलों में अमालिका और श्रुति की जोड़ी ने अराध्या और मानसी की जोड़ी को 21-16 और 21-18 से पराजित किया। बालकों के डबल्स मुकाबलों में आयुष और बालकेसरी की जोड़ी सिद्धांत मिश्रा और सिद्धांत की जोड़ी को हराकर चैंपियन बनी। प्रतियोगिता के समापन पर कमिश्नर तनवीर जफर अली और एसडीए के वीसी वीपी सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान आयोजन अध्यक्ष एवं नगरायुक्त डॉ. नीरज शुक्ला, सुशील अग्रवाल, संजय गर्ग, मुसकीम अहमद, मनीष कुमार, नूतन वालिया, आकाश कुमार, एमएम गोयल, राजीव पाठक, गुलाब सिंह राणा, ईश्वरपाल सिंह, डॉ. एके गप्ता, संदीप गुप्ता आदि थे।