मिर्जापुर (सहारनपुर)। बृहस्पतिवार की रात शिवालिक पहाड़ियों पर बारिश के बाद शुक्रवार की तड़के क्षेत्र की सभी बरसाती नदियों में बाढ़ आ गई। सुबह दस बजे तक नदियों से घिरे ग्रामीण क्षेत्र का बाहरी दुनिया से संपर्क कटा रहा।
बादशाहीबाग नदी में खनन सामग्री से भरा एक ट्रक अचानक पानी आने से फंस गया। उसके चालक और परिचालक ने ट्रक को नदी में ही छोड़ भाग कर जान बचाई। पानी उतरने के बाद ही ट्रक रेत में धंसा हुआ दिखाई दिया।
रात भर शिवालिक पहाड़ियों पर बारिश हुई और उसके बाद तड़के करीब चार बजे शिवालिक पहाड़ियों से निकलने वाली सभी बरसाती नदियों में पानी आ गया।
सुबह करीब दस बजे तक नदियों में पानी का तेज बहाव रहा। दस बजे के बाद ही जलस्तर कम होना शुरू हुआ। नदियों में बाढ़ के चलते नदियों से घिरे क्षेत्र के बीस से अधिक गांवों का बाहरी स्थानों से संपर्क कटा रहा। स्कूली बच्चों को स्कलों तक पहुंचने में कई घंटें की देरी हुई। उन्हें पानी से होकर ही स्कूल जाना पड़ा।
बादशाहीबाग नदी में खनन सामग्री से भरा एक ट्रक अचानक आने से फंस गया। उसके चालक और परिचालक ने पानी बढ़ता देख भागकर जान बचाई। ट्रक चालक राजू निवासी गांव छपरौली व परिचालक सुनील कुमार निवासी बागपत ने बताया कि जब ट्रक नदी के बीच में पहुंचा तो पहाड़ियों की तरफ से पानी का रेला आ गया।
उन्होंने ट्रक को छोड़ किनारे की तरफ दौड़ लगा दी। तब उनकी जान बच पाई। पानी उतरने के बाद ही ट्रक दिखाई पड़ा, जो रेत में धंसा हुआ था।