मोक्षायतन के कार्यक्रम में मौजूद योगी और अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि देश में उत्पाद बेच रही विदेशी कंपनियां ईस्ट इंडिया कंपनी जैसी हैं। यह कंपनियां देश का पैसा लूटने आई हैं। आगामी पांच साल में देशी उत्पादों के जरिए लूट रही विदेशी कंपनियों को भारत से मोक्ष दे देंगे।
उन्होंने कहा कि अभी तक लाखों लोगों को रोजगार दिया है और अगले पांच सालों में लाखों और युवाओं को रोजगार देंगे। इतना ही नहीं उन्होंने पांच करोड़ किसानों को बाजार देकर उनके परिवार को खुशहाल कर देने का वादा भी किया।
पद्मश्री भारत भूषण के योग संस्थान मोक्षायतन के वार्षिकोत्सव पर जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे योग गुरु रामदेव ने कहा कि जितनी भी विदेशी कंपनियां भारत में अपने उत्पाद बेच रही हैं, वह सभी ईस्ट इंडिया कंपनी जैसी ही हैं।
ये विदेशी कंपनियां भारत में कोई विकास या व्यापार करने नहीं आई हैं, बल्कि पैसा लूटने आई हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देशी उत्पाद उन विदेशी कंपनियों के मुकाबले बेहतर और कारगर हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अक्सर पूछते हैं कि योग और उद्योग का क्या मेल, आप योगी हैं तो उद्योग क्यों लगाते हैं। उन्होंने कहा कि अब तक लाखों लोगों को रोजगार दे चुके हैं और अगले पांच सालों में लाखों और लोगों को रोजगार देना लक्ष्य है।
किसानों को पंतजलि से जोड़कर उन्हें अच्छी खेती करना सिखाएंगे और उन्हें फसलों का उचित दाम भी देंगे। बाबा रामदेव ने कहा कि पतंजलि का एक-एक रुपया देश का है। पंतजलि देश के नौजवानों को रोजगार दे रही है और आगे भी इसी तरह से देशवासियों को रोजगार देती रहेगी।