नानौता (सहारनपुर)। आम के बाग में चौकीदारी कर रहे 52 वर्षीय ग्रामीण की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
नानौता थाना क्षेत्र के ग्राम हंगावली निवासी देवेंद्र कुमार पुत्र पद्म सिंह के आम के बाग को गय्यूर पुत्र इकबाल निवासी ग्राम ढाकादेई द्वारा ठेके पर लिया हुआ है। ठेकेदार ने उक्त बाग की निगरानी के लिए ग्राम ढाकादेई निवासी 52 वर्षीय प्रेम पुत्र बलजीत को रखा हुआ था। सोमवार रात करीब 12 बजे बाग में गोली चलने की तीन आवाजें सुनकर आसपास के अन्य खेतों एवं बागों के रहने वालों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीण इकट्ठे होकर आम के बाग की ओर दौड़ पड़े। वहां जाकर देखा तो सभी के होश उड़ गए। चौकीदार प्रेम खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है। हमलावरों ने चौकीदार के शरीर से सटा कर गोली मारी थी। आनन फानन में ग्रामीण द्वारा डायल 100 पर फोन करके सूचना दी गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और आसपास के जंगलों में हमलावरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पुलिस और ग्रामीण शव को लेकर सीएचसी नानौता पर पहुंचे। जहां पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चचेरे भाई प्रमोद पुत्र हुकम सिंह ने बताया कि ठेकेदार को सूचना देने का प्रयास किया गया लेकिन उससे संपर्क नहीं हो सका। ठेकेदार से ही जानकारी होगी कि बाग में प्रेम के साथ और कौन-कौन चौकीदार हैं। मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रेम की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह अपने पीछे पत्नी, तीन लड़कियों एवं एक लड़के को छोड़ गया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
उधर, थानाध्यक्ष यशपाल सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।