गोविंद नगर में अभिननेत्री के घर पर कब्जा करने वाली महिलाओं को पकड़कर ले जाती पुलिस
सहारनपुर। गोविंद नगर निवासी अभिनेत्री उर्मिला ने रात के समय कुछ महिलाओं पर मकान पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। वहीं, महिलाओं ने आरोप लगाया कि उर्मिला ने उनसे रुपये उधार लिए हैं, जो वापस नहीं दिए जा रहे।
महानगर के गोविंद नगर में अभिनेत्री उर्मिला का घर है। शनिवार तड़के बाहर से आईं कुछ महिलाओं ने घर का ताला तोड़कर मकान पर कब्जा कर लिया। अभिनेत्री फिलहाल मुंबई में है। जब इस मामले की जानकारी पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। अभिनेत्री की तरफ से भी फेसबुक पेज पर पोस्ट कर मामले की जानकारी दी गई। पुलिस के पहुंचने पर महिलाओं ने बताया कि उर्मिला ने उनसे दस लाख रुपये कई साल पहले उधार लिए थे।
वह रुपयों को वापस करने के मांग उर्मिला से करती रही है, लेकिन काफी समय से उर्मिला से संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने महिलाओं को बाहर निकालने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिलाओं को घर से बाहर निकाला।
पुलिस ने चारों महिलाओं को हिरासत में ले लिया है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि चारों महिलाएं पौड़ी गढ़वाल की रहने वाली है। उनका आपसी विवाद है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।