सहायक उप शिक्षा निदेशक ने देखी विद्यालयों की व्यवस्था
सहारनपुर। सहायक उप शिक्षा निदेशक (एससीईआरटी) लखनऊ रामचंदेश्वर दत्त वाजपेयी ने सोमवार को परिषदीय विद्यालयों और बीआरसी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड-19 से बचाव के प्रबंधों को बारीकी से देखा। अंत में बीआरसी पर आयोजित शिक्षकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए।
सबसे पहले वह सुल्तानपुर माली स्थित परिषदीय विद्यालय पहुंचे। यहां कोरोना से बचाव के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी प्रधानाध्यापक से ली। बच्चों से भी बात कर शिक्षा के स्तर को जानने का प्रयास किया। वह बादशाहपुर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। यहां प्रधानाध्यापिका और अनुदेशक अनुपस्थित मिले, जबकि प्रभारी अध्यापिका सविता शर्मा, रफत जहां, अर्चना शर्मा, डॉ. अंजली गुप्ता, स्वीटी बंसल, डॉ. पूजा यादव, अनुदेशक अनिल आदि उपस्थित मिले। स्कूल बैग भी वितरित किए। साथ ही बच्चों को ऑनलाइन और टेलीविजन के माध्यम से चल रही कक्षाओं के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वह बीआरसी साढ़ौली कदीम पहुंचे, जहां शिक्षकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था में एक अप्रैल से होने जा रहे बदलाव की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ डायट पटनी के प्रवक्ता डॉ. देवेंद्र कुमार और जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) वरुण भी रहे।