- राजकीय मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में रोजाना पहुंच रहे मरीज
- चिकित्सक तापमान बढ़ने पर दे रहे सावधानी बरतने की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पारा चढ़ने के साथ ही जनपद में डायरिया और डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़ने लगे हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज और एसबीडी जिला अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे। चिकित्सकों का कहना है कि तेज धूप में काम करने वाले और लंबे समय तक बाइक चलाने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी हो रही है।
एसबीडी जिला अस्पताल के जनरल फिजिशियन डॉ. अनिल कुमार वोहरा ने बताया कि गर्मी में शरीर से अधिक मात्रा में पानी और जरूरी लवण निकल जाते हैं। इससे डिहाइड्रेशन की समस्या रहती है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विरेंद्र भट्ट का कहना है कि गर्मी में बच्चों को बोतल से दूध पिलाने और दूषित खाद्य पदार्थ देने से छोटे बच्चों में डायरिया फैलता है। गर्मी के मौसम में बच्चों को तेज धूप होने पर घर से बाहर न निकलने दें। गर्म हवा से बचाकर रखें।
इन लक्षणों का न करें नजरअंदाज
- बार-बार दस्त होना
- उल्टी और जी मिचलाना
- तेज प्यास लगना और मुंह सूखना
- कमजोरी और चक्कर आना
- पेशाब कम आना और शरीर में सुस्ती
ऐसे करें बचाव
- दिनभर में कम से कम चार लीटर पानी पिएं।
- घर से बाहर निकलते समय सिर को ढक कर रखें।
- ताजा और साफ भोजन का ही सेवन करें।