पुलिस लाइन में अरूण हत्याकांड के मामले जानकारी देते एसएसपी दिनेश कुमार
- फोटो : SAHARANPUR
प्रेम संबंधों का विरोध करने पर की थी अरुण की हत्या, तीन गिरफ्तार
सहारनपुर। जिले के गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव हसनपुर भलस्वा निवासी अरुण कुमार की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रेम संबंधों का विरोध करने पर गांव के ही युवकों ने ही हत्या की थी।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि गांव हसनपुर भलस्वा के निवासी पप्पू ने आठ फरवरी को सूचना दी थी कि उनका बेटा अरुण कुमार लापता हो गया है। बाद में अरुण का शव रेलवे लाइन पर पड़ा मिला था। एसपी सिटी विनीत भटनागर, सीओ सदर चंद्रपाल शर्मा की अगुवाई में थाना प्रभारी आदेश त्यागी सहित टीम ने छानबीन की। कुछ सूचनाओं के आधार पर बलियाखेड़ी ईदगाह के पास इस मामले में तीन आरोपियों सोहन वाल्मीकि, विकास उर्फ गुल्ली और आशु उर्फ बिनौला निवासी हसनपुर को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर सोहन ने बताया कि वह स्टार पेपर मिल में सफाई कर्मचारी है। विकास उर्फ गुल्ली और आशु उर्फ बिनौला उसके दोस्त हैं। अरुण की एक रिश्तेदार आशु की प्रेमिका थी। दो साल से दोनों के बीच संबंध थे। इस बारे में अरुण को पता चल गया था। उसने इसका विरोध किया और धमकियां दी थीं। इसके बाद ही उसकी हत्या का प्लान बनाया गया।
हत्या के बाद ट्रैक पर फेंका शव
आरोपियों ने बताया कि वे अरुण को शराब पिलाने के बहाने लेकर गए थे। बलियाखेड़ी से शराब खरीदी। उसके बाद नन्हेड़ा गाजी रेलवे लाइन के पास चकरोड के किनारे बैठकर शराब पी। अरुण को बहुत ज्यादा शराब पिलाई गई, ताकि वह पूरी तरह बेसुध हो जाए। बेहोश होने के बाद पत्थर से पीटकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए तीनों उसे रेलवे लाइन के पास तक लेकर पहुंचे और वहां शव डाल दिया। मामले का खुलासा करने वाली टीम में आदेश त्यागी, उपनिरीक्षक विजय सिंह, कांस्टेबल अनुज सिरोही, उत्तम राठी और तरुण शर्मा शामिल रहे।