व्यापारी पर फायरिंग करने के आरोपी को दबोचा
नकुड़ (सहारनपुर)। पुलिस ने करीब एक माह पूर्व दिन दहाड़े भरे बाजार में व्यापारी पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे बदमाश को गिरफ्तार कर चालान किया है। जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है।
गौरतलब है कि गत सात अप्रैल की शाम करीब पांच बजे भरे बाजार में व्यापारी मयंक मित्तल पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग की थी। बदमाश का निशाना चूकने पर गोली दुकान के काउंटर में जा धंसी थी। सीओ अरविंद सिंह पुंडीर ने बताया कि घटना के अगले दिन बदमाशों ने फोन पर व्यापारी मयंक मित्तल से 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस फोन नंबर सहारे बदमाशों को पकड़ने में लगी थी। सीओ के अनुसार फरार चल रहे बदमाश की लोकेशन बृहस्पतिवार को गांव कुराली के जंगल में मिली। इसी आधार पर पुलिस ने रात में करीब ग्यारह बजे बदमाश संजय निवासी गांव कुराली को एक ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश के पास से एक देसी पिस्टल मय मैगजीन पुलिस ने बरामद की है। बताया कि गिरफ्तार बदमाश स्थानीय कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर जनपद शामली और सहारनपुर के विभिन्न थानों में हत्या, जान से मारने के प्रयास, सड़क लूट, अपहरण सहित अन्य मामलों में करीब सोलह दर्ज मुकदमे दर्ज है। कोतवाल ने बताया कि व्यापारी पर फायरिंग करते समय संजय के भाई टिंकू का भी नाम सामने आया है। फरार टिंकू को पुलिस तलाश कर रही है।