प्रेमिका से मिलने पहुंचा सेना का जवान , हंगामा
देवबंद (सहारनपुर)। प्रेमिका से मिलने पहुंचे सेना के जवान को उस समय युवती के परिजनों ने पकड़ लिया, जब वह युवती को कहीं घुमाने ले जा रहा था। इस दौरान हंगामा भी हुआ। मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों में सुलह के बाद मामले का निपटारा हो गया।
जम्मू कश्मीर में तैनात यमुनानगर (हरियाणा) निवासी सेना के जवान का देवबंद क्षेत्र के गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। युवक दीपावली की छुट्टी पर घर आया था। रविवार को वह प्रेमिका से मिलने देवबंद क्षेत्र स्थित उसके गांव पहुंच गया। जब वह प्रेमिका को कार में बैठाकर कहीं घुमाने ले जा रहा था तो परिजनों ने उसे रोक लिया। हंगामा होनेे पर मामले की भनक लगते ही पुलिस भी पहुंच गई और युवक को कोतवाली ले आई। शाम होते होते दोनों के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए।
देवबंद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सोलंकी का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई है। युवक-युवती दोनों बालिग हैं और एक ही बिरादरी से हैं। इन दोनों का निर्णय ही अंतिम होगा। फिलहाल कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं मिली, बल्कि दोनों पक्ष वार्ता कर इसका हल निकालने की बात कहकर चले गए हैं।