बोर्ड परीक्षाओं में अंक सुधार को 27 तक करें आवेदन
सहारनपुर। बिना परीक्षा के जारी किए गए यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परिणाम में गई खामियां सामने आई हैं। अनेक विद्यार्थियों की मार्कशीट पर अंक ही नहीं प्रकाशित हुए हैं। कुछ पर विदहेल्ड लिखा है। ऐसे विद्यार्थी अंक सुधार के लिए 27 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त ने बताया कि परीक्षा परिणाम 2021 में शामिल ऐसे परीक्षार्थी, जिनकी मार्कशीट पर विदहेल्ड, श्रेणी, सामान्य, बिना अंक के प्रोन्नत, अनुपस्थित आदि आया है, उनकी संबंधित विषयों की परीक्षा कराई जानी है। वे बोर्ड की वेबसाइट www.upmsp.edu.in पर जाकर आवेदन पत्र डाउनलोड करें। उसमें मांगी गईं सूचनाएं भरकर अपने विद्यालय के प्रधानाचार्य के पास 27 अगस्त शाम पांच बजे तक जमा करा दें। प्रधानाचार्य आवेदन पत्रों के विवरणों को परिषद की वेबसाइट पर विद्यालय लॉगइन के माध्यम से प्रतिदिन अपलोड करेंगे। अपलोड करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त रात 12 बजे तक तय की गई है। यदि किसी परीक्षार्थी का निर्धारित अवधि में जमा किया गया आवेदन पत्र अपलोड नहीं हो पाता है तो उसके लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। प्रधानाचार्य आवेदन पत्रों को अपलोड करने से पहले उनकी पुष्टि जरूर करा लें। उक्त परीक्षा के लिए विद्यार्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा में अंक सुधार के लिए सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों के प्राप्त अंकों को ही अंतिम माना जाएगा। इसके आधार पर परीक्षार्थियों को प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएंगे।