गंगोह (सहारनपुर)। एक बालक की बुखार से मौत हो गई। अनेक ग्रामीण अभी भी बुखार की चपेट में हैं। पूर्व में भी गांव में दो लोगों की बुखार से मौत हो चुकी है। एक माह में बुखार से तीन मौतों के कारण गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
गांव नागल राजपूत के लोग पिछले दिनों से बुखार, मलेरिया टाइफाइड आदि बीमारियों की चपेट में है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले काफी दिनों से बुखार समेत कई तरह की बीमारियों ने लोगों को घेर रखा है। शायद ही गांव में कोई ऐसा घर बचा हो जिसमें बुखार आदि बीमारियों से पीड़ित मरीज न हो। कई दिन पूर्व गांव निवासी 10 वर्षीय बालक अनित पुत्र राजेश को बुखार ने अपनी चपेट में ले लिया था। कई चिकित्सकों को दिखाने के बाद जब उसकी हालत बिगड़ती चली गई तो परिजनों ने उसे मुलाना स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बावजूद वहां भी उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। बुधवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि चिकित्सकों ने जांच में बालक को डेंगू होने की पुष्टि की थी। बताया गया कि गांव निवासी अनेक ग्रामीण बुखार के चलते मुलाना अस्पताल में भर्ती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है। ग्रामीणों ने गांव में सफाई कराने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग से गांव में टीम भेजकर मरीजों की जांच, दवा वितरण व एंटी लार्वा का छिड़काव कराने की मांग की है। सीएचसी प्रभारी रोहित वालिया का कहना है कि गांव में टीम भेजकर मरीजों की जांच, दवा वितरण के अलावा गांव में फॉगिंग व एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।