मिर्ज़ापुर। देहरादून में बादल फटने की घटना के बाद वहां से यमुना में बहकर शव आने का सिलसिला थम नहीं रहा है। तीन दिन पहले एक महिला और युवक का शव आने के बाद शुक्रवार को फिर से एक युवक का शव अकबरपुर बांस घाट से मिला है। युवक की पहचान प्रीतम (25) पुत्र गंगावली निवासी कस्बा एवं थाना रहरा जनपद अमरोहा के रूप में हुई है।
क्षेत्र की हथिनीकुंड चौकी के गांव अकबरपुर बांस घाट पर यमुना नदी में युवक का शव बहकर आने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील नागर एवं हथिनीकुंड चौकी इंचार्ज ललित तोमर, प्रशांत राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्ज़े में लेकर जांच की। पुलिस ने बताया कि उनके द्वारा शव का हुलिया देहरादून पुलिस को भेजा। वहां की पुलिस ने शिनाख्त कराने के लिए जयदेव और सोनू को भेजा।
उन्होंने शिनाख्त कर बताया कि यह उनका भाई प्रीतम है। इसके बाद पुलिस ने शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया। युवक अविवाहित था और मजदूरी करने के लिए देहरादून आया था।
बादल फटने के बाद वह लापता चल रहा था। बता दें कि तीन दिन पहले भी एक महिला और एक युवक के शव यमुना में बहकर आए थे जिनमें से महिला की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है।