गंगोह/नानौता/बड़गांव/ रामपुर मनिहारान/ चिलकाना/लखनौती/ बेहट। जिलेभर में विजय दशमी पर्व पारंपरिक तरीके से हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जगह-जगह रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाए गए। इससे पहले नगरों में रामलीला कमेटियों द्वारा भगवान श्रीराम की विजय यात्राएं निकाली गईं।
गंगोह में पुरातन श्री रामलीला रंगमंच से विजय या़त्रा नगर के विभिन्न मोहल्लों से होती हुई कंकराली सरोवर पहुंची। वहां प्रभु श्रीराम नितिन गोयल और लक्ष्मण मयंक सन्नी ने अग्निबाण चलाकर लंकापति रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया। उधर, सराय में भी विजय यात्रा निकालकर लखनौती मार्ग पर रावण के पुतले का दहन किया गया।
नानौता में शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों मेन बाजार, गुरुद्वारा चौक, कॉलेज रोड और गंगोह रोड से होते हुए रावण दहन स्थल पर पहुंची। उद्घाटन नितिन गुप्ता और रोबिन जैन ने फीता काटकर किया। इसके बाद रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान योगेशचंद गुप्ता, राजेंद्र गोत्रे, मुकेश पाराशर, रमेशचंद गुप्ता, सुमित गुप्ता, हाईकोर्ट अधिवक्ता आशीष गुप्ता, चौधरी हुकम सिंह, अरविंद गर्ग, बिजेंद्र रोहिला, विनीत गुप्ता आदि रहे।
बड़गांव में जुलूस रामलीला स्थल से शुरू होकर गांव गलियों से होते हुए मुख्य बाजार से गुजर कर गोगा म्हाड़ी स्थल पहुंचा। वहां राम रावण के बीच युद्ध में राम का तीर लगने से रावण का अंत होने के बाद पुतले का दहन किया गया। रामपुर मनिहारान में श्री सनातन धर्म सभा द्वारा मोहल्ला कायस्तान रामलीला मैदान व श्री गंगाराम रामलीला कमेटी द्वारा पीठ बाजार में पानी की टंकी के पास रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान प्रधान जयराज चौधरी, पंडित दिग्विजय शर्मा, कुलबीर सैनी, प्रदीप धीमान, संजय गुप्ता, रामनिवास सैनी, सन्नी सैनी, पंकज सैनी, मुकेश मौजूद रहे।
चिलकाना में सुल्तानपुर के पैठ मैदान में हो रही रामलीला में श्रीराम तथा रावण युद्ध करने के लिए अपनी-अपनी सेना के साथ शोभायात्रा के रूप में कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए पैठ मैदान में पहुंचे। यहां राम रावण का भीषण संग्राम हुआ। देर शाम प्रभु श्री राम ने रावण के पुतले में अग्निबाण से आग लगाई। दशहरा पर्व के मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री जसवंत सैनी के भाई कृष्ण चंद सैनी, विक्रम सिंह सैनी, बिजेंद्र सिंह सैनी, नवीन सैनी आदि रहे।
लखनौती राम बरात का शुभारंभ गांव स्थित धर्मशाला से हुआ। दहन स्थल पर भगवान श्री राम और रावण के बीच प्रतीक युद्ध हुआ। इसके पश्चात भगवान श्री राम ने बाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। आयोजन में मनीष गुप्ता, जनेश्वर प्रसाद, अमित कुमार, राकेश ऐरन, प्रवेश कुमार, योगेश मित्तल, बॉबी, पप्पू तथा डॉ. सुरेश शर्मा आदि रहे।
बेहट के मोहल्ला महाजनान स्थित प्राचीन शिव मंदिर में श्रीरामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। पूर्व विधायक नरेश सैनी अतिथि रहे। इससे पहले शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के सारथी सभासद सुनील कुमार राजदेव उर्फ बिट्टू बने। कार्यक्रम में प्रियंवदा राणा, अभय राणा, अजय जैन, बृजेश जैन, प्रदीप गुप्ता, पीरू मियां, अवनीश अग्रवाल, आरिफ मंसूर, अब्दुल मलिक आदि रहे।
रामपुर मनिहारान में रावण के पुतले पर अग्निबाण से निशाना साधते राम और लक्ष्मण। संवाद