शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र मेले के दौरान दशहरा पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां भगवती के दर्शन कर परिवार एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंगलवार सुबह से ही मां के दरबार में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालु प्रसाद लेकर मां भगवती के दर्शन के लिए कतारों में लग गए। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखी गई। पूर्व की भांति सभी वाहनों को नागलमाफी में बनाए गए पार्किंग स्थल पर रोका गया। इसके बाद श्रद्धालु वहां से पैदल चलकर मां के दरबार तक पहुंचे और विधि-विधान के साथ मां भगवती के दर्शन किए। इसके अलावा संकटमोचन हनुमान मंदिर, बगलामुखी मंदिर, छिन्नमस्तका मंदिर, साकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पुण्य लाभ कमाया।