बिहारीगढ़(सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की एलिवेटेड रोड पर बृहस्पतिवार रात हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आपत्तिजनक वाक्य लिख दिया। लिखा गया कि यह रोड मुसलमानों के लिए नहीं है। सुबह पुलिस को पता चला। इसके बाद आनन-फानन उसके ऊपर पेंट कराया गया। एनएचएआई के कर्मचारी की तरफ से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के अज्ञात कार्यकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रात करीब 11 बजे हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-देहरादून मार्ग पर लोहे के पुल के पास एलिवेटेड रोड के साउंड बैरियर पर यह आपत्तिजनक बात लिखी। सोशल मीडिया पर भी इसका वीडियो बनाकर अपलोड किया गया, जिसमें हिंदू रक्षा दल की महिला कार्यकर्ता यह बातें लिख रही थी। सुबह वाहन चालकों ने इसकी सूचना थाना बिहारीगढ़ पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में मौके पर पहुंचकर पेंट से इसे मिटा दिया। इस मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारी हरिद्वार के थाना बुग्गावाला के गांव बंजारेवाला निवासी सुनील कुमार की तरफ से बिहारीगढ़ थाने में हिंदू रक्षा दल के खिलाफ तहरीर दी गई। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
उधर, हिंदू रक्षा दल के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने मीडिया से बताया कि उन्हें अपने कार्यकर्ताओं के इस कार्य पर गर्व है और वह इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। यह सांगाठेड़ा की घटना के विरोध में उनके संगठन की बहनों द्वारा उठाया गया कदम है। सांगाठेड़ा में हमारे समाज की बेटी को दूसरे समुदाय का युवक ले गया। वह सनातनियों से आह्वान करते हैं कि इसी तरह जगह-जगह मुसलमानों का विरोध करने का काम करें।