गंगोह। दो मुस्लिम बहनों के निकाह के कार्ड पर दूल्हों के हिंदू नाम लिखे होने से शुरू हुआ विवाद और धमकियों का मामला चर्चा में है। इसके बावजूद परिवार ने निकाह की तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को हलवाई ने पकवान बनाने शुरू कर दिए। बृहस्पतिवार को जींद और हिसार से दोनों बरातें आएंगी।
युवतियों की बड़ी बहन सलमा ने बताया कि दोनों दूल्हे और उनके परिवार मुस्लिम हैं। उनके परिवारों में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। निकाह के कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कुछ लोगों ने इस पर सवाल उठाए थे। इसी बीच आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने गार्डन संचालक को फोन कर शादी समारोह नहीं कराने की धमकी दी। फोन करने वाले ने हिंदू संगठनों द्वारा हंगामा करने की बात कहकर गार्डन संचालक पर बुकिंग रद्द करने का दबाव बनाया था।
युवतियों के भाई शकील ने बताया कि धमकियों के बावजूद परिवार में निकाह को लेकर खुशियों का माहौल है। हलवाई ने पकवान बनाने शुरू कर दिए हैं और गार्डन में मेहमानों के स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। परिवार ने दो लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस कई बार घर और गार्डन पहुंचकर परिवार से मिल चुकी है। पुलिस ने निकाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिया है।
गार्डन संचालक मोहसीन ने बताया कि उनके पास अज्ञात नंबर से फोन आया था। कॉल की रिकॉर्डिंग उन्होंने लड़की पक्ष को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि गार्डन सभी समुदायों के लोगों के लिए है और यहां सभी वर्गों के शादी समारोह आयोजित होते हैं।
कॉल रिकॉर्डिंग में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान का नाम लिए जाने के संबंध में उन्होंने इस मामले से किसी भी तरह का संबंध होने से मना किया है। उधर, सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि शिकायत मिली है। कानून तोड़ने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।