सहारनपुर। विकास के नाम पर शहर की तमाम सड़कों को जगह-जगह से खोदा गया है। इससे एक ओर जहां राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं लोगों की जिंदगियां बचाने के लिए दौड़ रही सरकारी एंबुलेंस को भी मरीज को अस्पताल पहुंचाने में देरी हो रही है। शुक्रवार को कुछ ऐसा ही हुआ।
सीवर लाइन डालने के लिए अंबाला रोड और घंटाघर पर काम चल रहा है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है, जिसकी वजह से देहरादून, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल आदि राज्यों से आने वाले वाहनों को जाम से जूझना पड़ रहा है। रेलवे रोड और कोर्ट रोड पर स्मार्ट रोड का कार्य चल रहा है। इसकी वजह से भी यातायात प्रभावित हो रहा है। उधर, दिल्ली रोड पर बसंत विहार के बाहर एक साइड की सड़क पर काम चल रहा है, जिसकी वजह से यहां यातायात प्रभावित हो रहा है। जिला अस्पताल चौक पर भी काम चल रहा है। आईएमए भवन के ठीक सामने भी सड़क को खोदा गया है। इसके अलावा जैन कॉलेज रोड पर काम चलने की वजह से बैरिकेडिंग कर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। यानी कोई व्यक्ति पैदल भी नहीं निकल सकता है। इस प्रकार तमाम प्रमुख सड़कों पर काम चलने की वजह से लोग जिधर से भी निकलने की कोशिश कर रहे हैं वहीं से रास्ता बदलना पड़ रहा है।
शुक्रवार की शाम करीब पौने छह बजे 108 एंबुलेंस जिसका नंबर यूपी 32 बीजी 9772 था मरीज को लेने के लिए जिला अस्पताल से मल्हीपुर के लिए रवाना हुई। अस्पताल से निकलते ही आईएमए के सामने काम चलने की वजह से थोड़ा जाम रहा, जिससे एंबुलेंस को निकलने में समय लगा। इसके बाद एंबुलेंस जैन कॉलेज रोड जो कि मल्हीपुर जाने का प्रमुख मार्ग से फर्राटा भरते हुए दौड़ी जा रही थी, लेकिन अचानक सामने बैरिकेडिंग देख एंबुलेंस को वापस मोड़ना पड़ा। इसके बाद एंबुलेंस किशोर बाग की गली से निकलकर दिल्ली रोड से आवास विकास को होते हुए मल्हीपुर जाने के लिए चली। किशोर बाग से दिल्ली रोड पर चढ़ते ही मोड़ पर काम चलने की वजह से जाम मिला। यहां भी एंबुलेंस के समय लगा। इसके बाद आवास विकास से होते हुए एंबुलेंस मल्हीपुर पहुंची, जहां से मरीज को लेकर जिला अस्पताल आई। यह समस्य आम और खास के लिए आम हो चली है।
लोग इसे अव्यवस्थित विकास बता रहे हैं। जैन कॉलेज रोड निवासी विजय शर्मा, उमंग और मनीष कुमार का कहना है कि शहर का विकास एक सिरे से होना चाहिए था, लेकिन एक साथ सभी मार्गों पर काम छेड़कर बैरिकेडिंग करना लोगों के साथ ज्यादती है।
सड़कों से बसों का संचालन बन रहा बाधक
रोडवेज का बस अड्डा शहर से बाहर करने के लिए निगम ने अंबाला रोड पर अपनी जमीन खाली कराकर उसकी चारों ओर से बैरिकेडिंग की हुई है। बसों के संचालन के लिए मानकमऊ में जगह दी है, लेकिन परिवहन निगम बसों का संचालन सड़कों ही से कर रहा है। ऐसे में बसें अंबाला रोड के साथ ही स्टेशन के बाहर जीपीओ रोड पर खड़ी हो रही हैं, जिनकी वजह से भी जाम लग रहा है।