अंबाला रोड से पार्किंग हटाई, स्थायी अतिक्रमण ध्वस्त किया
सहारनपुर। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में अंबाला रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान एक ओर जहां अवैध रूप से संचालित पार्किंग को हटवाया गया, वहीं स्थायी अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों में हड़कंप की स्थिति रही। सड़क पर हुए निर्माणों पर कई लोगों से बैनामे तलब किए गए।
शहर में बीते करीब 15 दिन से अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम अंबाला रोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची। टीम ने अंबाला रोड स्थित रोडवेज बस अड्डे पर चल रही दुकानों को जैसे ही हटाना चाहा तो दुकानदार इकट्ठा हो गए। उन्होंने बताया कि वह वर्षों से दुकानें चला रहे हैं और उनके पास कागज भी हैं। सभी दुकानदारों से कागज पेश करने को कहा गया। इसके बाद अंबाला रोड पर सड़कों पर रखे दुकानदारों के सामान को जब्त किया गया। दुकानों के बाहर सड़क पर किए गए पक्के निर्माणों को जेसीबी के माध्यम से ध्वस्त किया गया। अंबाला रोड पर ही संचालित अवैध पार्किंग को बंद कराया गया। एक पेट्रोल पंप की दीवार सड़क तक आई हुई है। पेट्रोल पंप स्वामी ने बताया कि उनके पास बैनामा और अन्य सभी कागज हैं। उनसे कागज तलब किए गए हैं। टीम में शामिल रहे नगर निगम के प्रवर्तन अधिकारी रिटायर्ड कर्नल बीएस नेगी ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। शहर के दुकानदारों और अन्य लोगों से अपील है कि यदि उन्होंने सड़क पर किसी भी तरह का अतिक्रमण किया हुआ है तो उसे अपने आप ही हटा लें। अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।