सहारनपुर। कलक्ट्रेट तिराहे के पास दिल्ली रोड पर ट्रक से कुचलकर मरने वाले की पहचान पुलिस ने अमरनाथ निवासी रूपड़ी गुर्जर के रूप में की। इस मामले में टक्कर मारने वाले कार चालक और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की गई है। कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव रूपड़ी गुर्जर निवासी अमरनाथ (55) आफिसर कॉलोनी में नौकरी करता था और यहीं पर सर्वेंट रूम में रहता था। शुक्रवार की रात पौने ग्यारह बजे कलक्ट्रेट तिराहे के पास दिल्ली रोड से वह बाइक पर जा रहा था। तभी एक कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया और ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हो गई। कार में चालक सहित दो लोग सवार थे, जो गाड़ी छोड़कर फरार हो गए थे। सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि कार चालक और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। कार पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी है। जांच में सामने आया है कि मिशन कंपाउंड में रहने वाले एक व्यक्ति की कार है। गाड़ी में सवार युवकों ने अचानक कार का दरवाजा खोल दिया था, जिसे अमरनाथ बाइक सहित टकरा गया और ट्रक से कुचलकर उसकी मौत हुई। पुुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।