छुटमलपुर। छुटमलपुर नगर पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों में गंभीर धांधली बरते जाने के आरोप सभासदों ने लगाए हैं। पूर्व विधायक नरेश सैनी के साथ मंडलायुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद से मिले।
नगर पंचायत द्वारा सड़क के दोनों तरफ इंटरलाकिंग टाइल्स से पटरी निर्माण के साथ ही फतेहपुर कलसिया तिराहे और घास मंडी तिराहे का सुंदरीकरण कार्य कराया जा रहा है। स्कूलों में कायाकल्प और मुहल्लों में सीसी सड़कों तथा नए हैंडपंपों को भी लगवाया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से सभासद इन कार्यों में मानकों की अनदेखी के आरोप लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार को सभासद अंकुर सैनी, प्रियंका, पूर्व विधायक नरेश सैनी के साथ मंडलायुक्त से मिले। उन्हें सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि इंटरलाकिंग टाइल्स अधोमानक लगाई जा रही है। सीसी सड़कों सहित अन्य कार्यों में भी मानकों की अनदेखी की जा रही है। उधर, अधिशासी अधिकारी कमलाकांत राजवंशी ने बताया कि आरोप गलत है। सभी निर्माण कार्य जेई के पर्यवेक्षण में हो रहे हैं। जेई की रिपोर्ट के बाद ही भुगतान होता है।