गंगोह के गांव खालिदपुर में सिंधली नदी की खोदाई करती जेसीबी। संवाद
गंगोह। गांव खालिदपुर निवासी अधिवक्ता अमन कुमार ने अपने खेत के समीप अवैध तरीके से सिंधली नदी की दिशा बदलने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
बता दें, कि प्रशासन द्वारा क्षेत्र में विलुप्त हो चुकी सिंधली नदी को खोदाई कराकर पुनर्जीवित किया जा रहा है। शिकायत में अमन कुमार ने बताया कि उनके खेत संख्या 419 के किनारे से गुजरने वाली बरसाती सिंधु (खोकरी) सिंधली नदी की खोदाई को नियम विरुद्ध तरीके से मोड़ दिया गया है। नदी की खोदाई का कार्य नियमानुसार सीधे निकलना तय था, लेकिन संबंधित लेखपाल द्वारा निजी स्वार्थवश 90 डिग्री का मोड़ देकर इसे दूसरी दिशा में मोड़ दिया गया। इससे न केवल सरकार को आर्थिक नुकसान हो रहा है, बल्कि समय की भी बर्बादी हो रही है।
उन्होंने कहा कि बिना किसी सरकारी मानचित्र के निजी लाभ के उद्देश्य से नदी/नाले की दिशा बदलना भविष्य में तेज पानी के बहाव के कारण पूरे क्षेत्र के लिए घातक साबित हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में तत्काल जांच कराई जाए और यदि खोदाई गलत पाई जाती है तो उसे बंद कर सही दिशा में परिवर्तित कराया जाए, साथ ही इस गड़बड़ी में शामिल अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। अमन कुमार ने खोदाई संबंधी सरकारी मानचित्र उपलब्ध कराने और जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक कार्य पर रोक लगाने की मांग भी की है। उधर, एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने बताया कि टीम बनाकर मामले की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर उचित कार्रवाई होगी।