कामधेनु इंडस्टीज में आयोजित स्मार्ट सिटी कैंप में सुझाव देते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की स्मार्ट सिटी योजना के दूसरे चरण के टॉप शहरों में स्थान बनाने के लिए सहारनपुर जुटा हुआ है। केंद्र सरकार के आदेशों के अनुरूप अभी तक की गई तैयारी पर समाज के विभिन्न वर्गों से सहमति ली जा रही है। इसमें अहसमत लोगों की आपत्ति को भी गंभीरता से काम किया जा रहा है। प्रस्ताव 30 जून को दाखिल किया जाएगा।
तीन दिन से नगर निगम स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में समाज के अलग-अलग वर्गों से बात कर अभी तक की तैयारी पर सहमति ली जा रही है। इसमें एएमयू के तहत अनुबंधित संस्थाओं और पूर्व सभासदों के साथ बैठक हो चुकी है। रविवार की सुबह मीडिया को आमंत्रित किया गया है, जिसके बाद सीनियर सिटीजन के साथ बैठक होगी।
ऐसा करने के लिए केंद्र सरकार से निर्देश मिले हैं। गौरतलब है कि योजना के तहत शहर का विकास जनता के सुुझावों और सहमति से किया जाना है। सहारनपुर दूसरे चरण के उन शहरों में शामिल है, जिनके प्रस्ताव पहले चरण में खारिज कर दिए गए थे। ऐसे में सहारनपुर इस मौके को छोड़ना नहीं चाहता है। नियमानुसार सहारनपुर ने अपना प्रस्ताव संशोधित कर लिया है, जो 30 जून को दाखिल किया जाएगा।
25 तक लिए जाएंगे सुुझाव
सहारनपुर को दूसरे चरण में साढ़े तीन लाख सुझाव का लक्ष्य मिला है। चिंता की बात यह है कि सुझाव देने में ज्यादातर लोग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। नगर निगम ने दो फर्मों को सुझाव लेने के लिए अधिकृत किया है।
प्रतिदिन शहर में कैंप लगाकर लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं। नोडल अधिकारी पीके मित्तल के अनुसार एक जून से चल रही सुझाव लेने की प्रक्रिया में अभी तक मुश्किल से 80 हजार सुझाव प्राप्त हुए हैं। सुझाव देने की अंतिम तिथि 25 जून है। ऐसे में लक्ष्य तक पहुंचाना अभी मुश्किल ही नजर आ रहा है।