सहारनपुर। 13 दिन से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली संपन्न हो गई। सोमवार को वाहनों व राहगीरों के लिए रास्ता खुल गया है। मंगलवार यानी आज से स्टेडियम में खेल प्रशिक्षण शुरू होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय मेरठ की ओर से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में 24 दिसंबर को शुरू हुई थी। दो जनवरी तक फिजिकल टेस्ट प्रक्रिया हुई। तीन से पांच जनवरी तक सफल अभ्यर्थियों के मेडिकल परीक्षण हुए। अग्निवीर भर्ती रैली में पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। 12 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए। भर्ती रैली संपन्न होने के बाद सोमवार को जनमंच प्रेक्षागृह से अंबाला रोड की ओर जाने वाला रास्ता खोल दिया है। सेना ने बल्लियां हटा दी हैं। मंगलवार से स्टेडियम में पूर्व की तरह खेलकूद प्रशिक्षण शुरू हो जाएंगे।