सहारनपुर। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि अग्निवीर भर्ती रैली में आने वाले अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। स्टेडियम, रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेशन के आसपास पर्याप्त संख्या में पूरी रात अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए।
कलक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी ने अग्निवीर भर्ती की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों एवं सेना के अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील एवं नगर निगम स्थल चिन्हित कर अभ्यर्थियों के लिए रात्रि में ठहरने एवं सर्दी से बचाव की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने सिंथेटिक ट्रेक के मरम्मत के कार्य को 20 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं और अधिक बेहतर बनाने के लिए सिविल डिफेंस का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल, सफाई, बेरीकेटिंग, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइट, शौचालय, एम्बुलेंस एवं चिकित्सा, फॉगिंग आदि की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों का संचालन करने एवं अग्निशमन विभाग को रैली स्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। जनपद में अग्निवीर भर्ती के तहत भारतीय सेना की ओर से 24 दिसंबर से पांच जनवरी तक रैली का आयोजन किया जाना है।
यह रैली डाॅ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में होगी। रैली में प्रदेश के 13 जनपदों के अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
रैली में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा, गौतमबुद्धनगर, हापुड, गाजियाबाद, बागपत, मेरठ और बुलंदशहर के अभ्यर्थी आएंगे।
सेना के भर्ती अधिकारी कर्नल सत्यजीत बेबले ने अधिकारियों को रैली के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने बताया कि भर्ती रैली में
15 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। जनपद में प्रतिदिन लगभग 1500 अभ्यर्थी आएंगे। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, एसपी यातायात सिद्धार्थ वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार, अपर नगर आयुक्त राजेश यादव, उप जिलाधिकारी सदर अंकुर वर्मा आदि मौजूद रहे।