-संतानों की लंबी उम्र और सुखी जीवन के लिए की अहोई माता की पूजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। रविवार को जिलेभर में अहोई अष्टमी का पर्व परंपरागत रूप से मनाया गया। माताओं ने अपनी संतानों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा। शाम के समय तारे को अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया।
अहोई अष्टमी पर्व को लेकर माताओं में सुबह से ही उत्साह रहा। सुबह पूजा-अर्चना के बाद घरों और मंदिरों में महिलाओं ने अहोई माता की तस्वीर सजाई। दोपहर बाद घरों और मंदिरों में अहोई माता की कथा सुनी। कलश पर लाल डोरी बांधकर अपनी-अपनी संतानों की उम्र के हिसाब से माला में चांदी के मनके पिरोए। शाम के समय खाने की थाली सजाकर बायना निकाला और बुजुर्गों से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान अनेक माताओं ने निर्जला व्रत भी रखा। कई महिलाओं ने घरों तो कईयों ने मंदिरों में अहोई माता की कथा सुनी। ऑफिसर्स कॉलोनी में महिलाओं ने अहोई अष्टमी माता की कथा सामूहिक रूप में सुनी। महिला अधिकारियों ने भी संतानों की आरोग्यता, दीर्घायु और उनकी सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान निधि भारद्वाज, गीता प्रधान, रेखा, सरिता झा, कामिनी ठाकुर, मीनाक्षी सिंह, प्रतिभा सिंह गौड़, प्रीति शर्मा, ज्योति कृष्ण, नीना, रेणु धामा, अलका त्यागी, रोबिन सैनी, गीतांश सक्सेना आदि मौजूद रहे।
उधर, आवास विकास स्थित हरि मंदिर में भी महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। शाकंभरी विहार कॉलोनी में आचार्य शुभम ने व्रती महिलाओं को अहोई माता की कथा का श्रवण कराया। इस दौरान नीतू, मीनाक्षी सैनी, राधा, रीना प्रजापति, सविता शर्मा आदि मौजूद रहे। महानगर के किसानपुरा स्थित मां शीतला माता मंदिर मंशा राम क्वार्टर में माताओं ने अपने बच्चों की लंबी आयु के लिए उपवास रख अहोई माता की कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर सुमन कोहली, उषा ठाकुर, अंजू, रेनू, सपना कोहली, आंचल कोहली, सुनीता, सिया आदि मौजूद रहीं।
देवबंद में अहोई अष्टमी पर्व पर कथा सुनती महिलाएं। संवाद