सहारनपुर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय से संबंध महाविद्यालयों में सोमवार से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए मंडल के तीनों जनपदों में कुल 18 केंद्र बनाए गए हैं। कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह और कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने केंद्रों का निरीक्षण करते हुए परीक्षा व्यवस्था को देखा।
कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह ने सोमवार को पहली पाली में मुजफ्फरनगर के डीएवी कॉलेज, एसडी कॉलेज और चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कमरों में लगे सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डर को चेक करने के साथ ही एक-एक टेबल पर जाकर परीक्षा व्यवस्था देखी। कोरोना से बचाव की शर्तों का पालन हो रहा है या नहीं इस पर भी नजर रखी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ डॉ. भूपेंद्र कुमार भी रहे।
उधर, कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने सहारनपुर के एचआईटी कॉलेज रणखंडी, मुन्नालाल एवं जयनारायण खेमका गर्ल्स पीजी कॉलेज आदि का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ परीक्षा समन्वयक डॉ. चंद्रशेखर, डॉ. हरवीर सिंह चौधरी भी मौजूद रहे। विश्वविद्यालय द्वारा गठित उड़न दस्ते ने डॉ. ब्रह्मपाल सिंह के नेतृत्व में राजकीय महाविद्यालय नानौता, लाला किशनचंद राजकीय महाविद्यालय गंगोह, गोचर महाविद्यालय रामपुर मनिहारान आदि का निरीक्षण किया। कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह ने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन कराना प्राथमिकता है, जिसके लिए तमाम कदम उठाए जा रहे हैं।